पटना , मार्च 11 -- ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता अख्तरुल ईमान ने अपनी पार्टी की ओर से आगामी राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव में महागठबंधन उम्मीदवार को समर्थन देने के संकेत दिये हैं।
श्री ईमान ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर श्री यादव से उनकी सकारात्मक बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि जो लोग लंबे समय से अल्पसंख्यकों, वंचितों और दबे- कुचले वर्गों के हितों की रक्षा के लिये संघर्ष कर रहे हैं, उन्हें एकजुट होना चाहिए। हालांकि उन्होंने स्पष्ट रूप से समर्थन की बात नही कही। उन्होंने कहा कि 'जब मैं सकारात्मक कह रहा हूं, तो वह सकारात्मक ही है, इसका मतलब आप लोग खुद समझ सकते हैं।' उन्होंने बताया कि बातचीत का पूरा विवरण चार दिनों के भीतर साझा किया जायेगा।
उन्होंने कहा है कि वह इस संबंध में पार्टी के शीर्ष नेता असदुद्दीन ओवैसी को भी जानकारी देंगे और अंतिम निर्णय उन्हीं के द्वारा लिया जायेगा।
एआईएमआईएम के नेता ने बताया कि पहले राजद और उसके सहयोगियों से उनकी पार्टी के उम्मीदवार को समर्थन देने की मांग की गई थी, लेकिन नामांकन की समय- सीमा समाप्त होने के कारण अब उसकी संभावना समाप्त हो चुकी है। उन्होंने बातचीत के दौरान तेजस्वी प्रसाद यादव से उनकी पार्टी के 'इंडिया' गठबंधन में शामिल होने की इच्छा भी जताई।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों के आधार पर राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिये 41 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है। मौजूदा स्थिति में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास 202 विधायक हैं, जिससे उसे चार सीटें जीतने में कठिनाई नहीं होगी, लेकिन पांचवीं सीट के लिये तीन अतिरिक्त वोटों की जरूरत पड़ेगी।
वहीं, महागठबंधन के पास कुल 35 विधायक हैं, जिनमें राजद के 25 सदस्य शामिल हैं। ऐसे में महागठबंधन उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह की जीत सुनिश्चित करने के लिये छह अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होगी।
राजग की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के उम्मीदवार हैं, जबकि भाजपा ने नितिन नवीन और शिवेश कुमार को मैदान में उतारा है। वहीं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा राजग के पांचवें उम्मीदवार हैं।
बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें खाली हो रही हैं, जिनमें दो जदयू, दो राजद और एक राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के पास हैं। जदयू के मौजूदा सदस्यों में रामनाथ ठाकुर और हरिवंश नारायण सिंह शामिल हैं, जबकि राजद के अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता और रालोमो के उपेंद्र कुशवाहा का कार्यकाल समाप्त होने के कारण इन सीटों पर चुनाव हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित