पटना , मार्च 04 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने राज्यसभा की पांच सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लिए अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 05 मार्च है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने दो उम्मीदवारों की घोषणा मंगलवार को ही कर दी थी, वहीं राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पांचवें उम्मीदवार के रूप में हरी झंडी दे दी गई है। भाजपा और रालोमो के उमीदवारों के नाम सामने आने के बाद जदयू के हिस्से में दो सीटें बची हैं,जिनकी घोषणा अभी बाकी है।
243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में विभिन्न दलों की संख्या बल के आधार पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)चार सीटें जीतने की स्थिति में है। इस चुनाव में यदि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अपना उम्मीदवार उतरता है तो पांचवीं सीट पर राजग के साथ उसका मुकाबला हो सकता है।
भाजपा ने नितिन नबीन और शिवेश कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है। जदयू ने अभी तक अपने दोनों उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं, जबकि उपेंद्र कुशवाहा राजग के पांचवें उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे।
बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने इस संबंध में पत्रकारों से कहा कि निशांत पार्टी में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और उनका राजनीतिक करियर जल्द शुरू होगा। उन्होंने कहा कि उनके शामिल होने का समय पार्टी के शीर्ष नेता तय करेंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से पार्टी के कार्यकर्ता और नेता निशांत के शामिल होने की मांग कर रहे थे और उनका यह इंतजार जल्द खत्म होगा। उल्लेखनीय है कि 05 मार्च नामांकन की अंतिम तिथि है और जदयू अपने दोनों उम्मीदवारों के नाम गुरुवार सुबह घोषित करेगी। उन्होंने कहा कि राजनीति में निशांत की भव्य एंट्री होगी।
243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में राजग के पास 202 विधायक हैं। एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 41 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होती है। इस गणित के अनुसार राजग चार सीटें आसानी से जीत सकता है, लेकिन पांचवीं सीट के लिए उसे तीन अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी। दूसरी ओर, महागठबंधन में 35 विधायकों के साथ राजद के पास अपने 25 विधायक हैं और उसे एक सीट जीतने के लिए छह और विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होगी।
राज्यसभा की पांच सीटें रिक्त हो रही हैं। इनमें दो सदस्य राजद और दो जदयू के हैं, जिनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है। जदयू से केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और उपसभापति हरिवंश का कार्यकाल समाप्त होगा, जबकि राजद से अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता का कार्यकाल भी खत्म हो रहा है। इसके अलावा राष्ट्रीय लोक मोर्चा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का कार्यकाल भी समाप्त होने वाला है।
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 05 मार्च है। यदि आवश्यक हुआ तो 16 मार्च को मतदान होगा तथा उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित