भोपाल , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश में राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में मध्यप्रदेश में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का गरिमामयी समापन गुरुवार को ऐतिहासिक 'बीटिंग द रिट्रीट' समारोह के साथ हुआ। यह भव्य कार्यक्रम जहांगीराबाद स्थित लाल परेड मैदान में आयोजित किया गया। समारोह में मध्यप्रदेश पुलिस ब्रास बैंड एवं आर्मी ब्रास बैंड द्वारा राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से संयम, एकरूपता और सैन्य परंपरा की गरिमा को जीवंत रूप में दर्शाया गया। उल्लेखनीय है कि 'बीटिंग द रिट्रीट' सैन्य एवं अर्धसैनिक बलों की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है और इसे राष्ट्रीय स्तर पर केवल दिल्ली के साथ भोपाल में ही आयोजित किया जाता है।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती मालती राय, मुख्य सूचना आयुक्त विजय यादव, मुख्य सचिव अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, अपर मुख्य सचिव गृह शिव शेखर शुक्ला, महानिरीक्षक पुलिस इरशाद वली, कमांडेंट सातवीं वाहनी हितेश चौधरी सहित आर्मी, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

राज्यपाल के आगमन पर पुलिस ब्रास बैंड ने स्वागत धुन प्रस्तुत की। इसके बाद निरीक्षक श्री सुनील कटारे के नेतृत्व में आयोजित ब्रास बैंड कॉन्सर्ट में "वंदे मातरम्" से आरंभ होकर "मेरे देश की धरती", "पंख होते तो उड़ आती रे", "पल-पल दिल के पास", "तेरी झलक अशर्फी", "ये देश है वीर जवानों का", "अजीब दास्तां है ये", "ये शाम मस्तानी", "संदेशे आते हैं", "हे अपना दिल तो आवारा" की प्रस्तुतियाँ दी गईं। सदाबहार और आधुनिक गीतों की लोकप्रिय धुनों का अनूठा संगम दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर गया।

मध्यांतर के बाद पुलिस और आर्मी बैंड की संयुक्त प्रस्तुति ने कार्यक्रम को नई ऊँचाइयाँ प्रदान की। बैंड डिस्प्ले में मास्ड बैंड, आर्मी ब्रास बैंड और पुलिस ब्रास बैंड ने फेनफेयर, क्विक मार्च और स्लो मार्च पर सटीक तालमेल के साथ मार्च पास्ट किया। रिट्रीट से पूर्व मास्ड बैंड की ड्रम रोल प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

समारोह के अंतिम चरण में उप निरीक्षक सुश्री सुनीति सिंह के नेतृत्व में महिला टुकड़ी ने ससम्मान राष्ट्रीय ध्वज का अवरोहण किया। "सारे जहाँ से अच्छा" की मधुर धुन, राष्ट्रगान और रंगीन रोशनी एवं आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित