चंडीगढ़ , जनवरी 20 -- हरियाणा में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष पंचकूला में तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इस अवसर पर 'एट होम' कार्यक्रम लोक भवन, चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा। राज्य के सभी मंडलों, जिलों, उपमंडलों, तहसीलों और अन्य प्रमुख स्थानों पर प्रात 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। अम्बाला में सांसद रेखा शर्मा, भिवानी में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा, चरखी दादरी में सांसद धर्मबीर सिंह, फरीदाबाद में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, फतेहाबाद में विधानसभा उपाध्यक्ष कृष्ण लाल मिड्ढा तथा नवगठित जिला हांसी में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ध्वजारोहण करेंगे।

हिसार में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, झज्जर में राज्य मंत्री राजेश नागर, जींद में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी, कैथल में सांसद नवीन जिंदल, करनाल में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, कुरुक्षेत्र में मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, महेंद्रगढ़ में उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, नूंह में सांसद सुभाष बराला, पलवल में सांसद रामचंद्र जांगड़ा और पानीपत में मंत्री कृष्ण लाल पंवार राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

इसी प्रकार रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर सहित सभी जिलों व उपमंडलों में सांसद, मंत्री, विधायक, महापौर, जिला परिषद अध्यक्ष अथवा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे।

आदेशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी कारणवश नामित गणमान्य व्यक्ति अपने निर्धारित स्थान पर उपस्थित नहीं हो पाते हैं, तो संबंधित उपायुक्त, उपमंडल अधिकारी (नागरिक) अथवा तहसीलदार द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित