पटना , दिसंबर 22 -- बिहार में विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों में सकारात्मक सुधार लाने के लिये राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने सोमवार को सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को निर्देशित किया है कि वे विश्वविद्यालय के शिक्षण और परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी संकायवार रोजाना अपडेट करें और इसे सार्वजनिक रूप से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रदर्शित करें।

राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों को प्रतिदिन संचालित कक्षाओं की विवरणी और वार्षिक परीक्षा कैलेंडर अद्यतन करते हुये वेबसाइट पर उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही, प्रत्येक प्राध्यापक के नाम का स्पष्ट उल्लेख करते हुये यह जानकारी भी दी जानी चाहिये कि उन्होंने किस दिन किन विषयों के कितने कक्षाओं में अध्यापन कार्य किया।

इस पहल का उद्देश्य विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। राज्यपाल ने कुलपतियों से कहा है कि नियमित और सटीक अपडेट से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को शैक्षणिक गतिविधियों की वास्तविक जानकारी समय पर मिल सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित