लखनऊ , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के अंतर्गत राम प्रकाश गुप्ता मेमोरियल मातृत्व शिशु चिकित्सालय परिसर में मरीजों के तीमारदारों के लिए 'पेशेंट रिलेटिव अकोमोडेशन (पीआरए)' भवन का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने संस्थान के रेडियोलॉजी डायग्नोस्टिक ब्लॉक में सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण भी किया।
लोकार्पण के बाद राज्यपाल ने रेडियोलॉजी विभाग का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पीआरए भवन दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन के उपयोग के लिए स्पष्ट नियम बनाए जाएं, ताकि गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर सुविधा मिल सके।
राज्यपाल ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और बाहरी खाद्य पदार्थों के अनियंत्रित प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, अनुशासन और निर्धारित आहार व्यवस्था का पालन मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में सहायक होगा। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के मार्गदर्शन के लिए 'गर्भ संस्कार' केंद्र स्थापित करने का सुझाव भी दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित