पटना , अप्रैल 19 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने रविवार को थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिये आयोजित विशेष बोन मैरो ट्रांसप्लांट के स्क्रीनिंग शिविर का उद्घाटन किया। श्री हसनैन ने माँ वैष्णो देवी सेवा समिति द्वारा माँ ब्लड सेंटर परिसर में आयोजित शिविर में कहा कि दुर्घटनाओं एवं बड़ी आपदाओं के समय रक्त की आवश्यकता अत्यधिक बढ़ जाती है, ऐसे में माँ ब्लड सेंटर जैसी संस्थाओं की भूमिका अत्यंतमहत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इसका और विस्तार किया जाना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुँच सके।

राज्यपाल श्री हसनैन ने कहा कि समिति को टीबी मुक्त बिहार के लक्ष्य की प्राप्ति तथा प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने के लिए भी सक्रिय प्रयास करने चाहिए। उन्होंने नई पीढ़ी में बढ़ते मादक पदार्थों के सेवन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बाद अब बिहार में भी यह प्रवृत्ति बढ़ने लगी है। उन्होंने आगाह किया कि इस समस्या को प्रारंभिक स्तर पर ही रोकना आवश्यक है और इस दिशा में समाजसेवी संस्थाओं, विशेषकर माँ वैष्णो देवी सेवा समिति की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण हो सकती है।

इस अवसर पर माँ वैष्णो देवी सेवा समिति के महासचिव संजय तोतला, पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एवं पूर्व कोषाध्यक्ष नंदकिशोर अग्रवाल, नारायण हेल्थ सिटी, बैंग्लोर के डॉ. सुनील भट्ट, माँ वैष्णो देवी सेवा समिति एवं माँ ब्लड सेंटर के सदस्यगण तथा अन्य लोग उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित