लखनऊ , दिसम्बर 28 -- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने रविवार को गुजरात के अहमदाबाद में मेहसाणा स्थित थोल वन्यजीव अभयारण्य का भ्रमण किया।

राज्यपाल ने अभयारण्य क्षेत्र में पक्षी अवलोकन किया, जहाँ स्थानीय पक्षीविज्ञानी द्वारा प्रवासी एवं स्थानीय पक्षियों की प्रजातियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साइबेरिया, रूस, मंगोलिया, कजाकिस्तान और चीन से आने वाले बार-हेडेड गीज, ग्रेलेग गीज, डालमेटियन पेलिकन, कॉमन क्रेन, ब्राह्मणी डक, रफ एंड रीव जैसे दुर्लभ प्रवासी पक्षियों को देखकर राज्यपाल जी ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर राज्यपाल जी द्वारा "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत "कदंब" के पेड़ का वृक्षारोपण भी किया गया।

इस अवसर पर वन विभाग की उप वन संरक्षक डॉ. सक्कीरा बेगम सहित अधिकारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया।

प्रवासी पक्षियों की समृद्ध विविधता के लिए विख्यात यह आर्द्रभूमि वर्ष 2021 में रामसर साइट के रूप में अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त कर चुकी है। झील, दलदली भूमि और हरित झाड़ियों से घिरा यह अभयारण्य शीत ऋतु में 118 से अधिक पक्षी प्रजातियों का आश्रय स्थल बनता है, जो जैव विविधता संरक्षण की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित