रायपुर , फरवरी 16 -- छत्तीसगढ़ के प्रयाग कहे जाने वाले राजिम की पावन धरा पर आयोजित राजिम कुंभ कल्प 2026 में आस्था, संस्कृति और अध्यात्म का भव्य संगम देखने को मिला। त्रिवेणी संगम तट पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में सुप्रसिद्ध कलाकार अरुण गोविल ने "सुनो श्री राम कहानी" की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। संपूर्ण परिसर भक्ति और श्रद्धा के दिव्य वातावरण से ओतप्रोत हो उठा।

कार्यक्रम के दौरान अरुण गोविल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आत्मीय भेंट की और राजिम कुंभ कल्प के भव्य आयोजन तथा उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। अरुण गोविल ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, जनआस्था और आत्मीय आतिथ्य को अविस्मरणीय बताया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत उत्सव है।

राज्य सरकार आस्था, संस्कृति और पर्यटन के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित