पटना, मार्च 18 -- बिहार खान एवं भूतत्व विभाग के निदेशक मनेश कुमार मीणा ने बुधवार को कहा कि राजस्व समाहरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।

बिहार के उप मुख्यमंत्री और खान एवं भूतत्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार खान एवं भूतत्व विभाग की समीक्षात्मक बैठक निदेशक श्री मीणा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में राज्य के सभी जिलों के खनिज विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।

बैठक के दौरान विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें विशेष रूप से राजस्व समाहरण की वर्तमान स्थिति, दैनिक लक्ष्य की प्रगति एवं वित्तीय वर्ष 2025-26 के निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति पर चर्चा की गई।

श्री मीणा ने बैठक में स्पष्ट किया कि राजस्व समाहरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी तथा इसमें पिछड़ने पर संबंधित पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने लखीसराय, गया, मुंगेर एवं वैशाली जिलों के खनिज विकास पदाधिकारियों को राजस्व समाहरण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने के कारण स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। वहीं, जिन जिलों द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है, उन्हें भी कार्य में निरंतरता बनाए रखने का निर्देश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित