जशपुर , मार्च 28 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को यहां रणजीता स्टेडियम में राजस्व विभाग को मिले चार नवीन शासकीय वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर श्री साय ने कहा कि नए वाहनों से शासकीय कार्यों में तेजी आएगी और आम जनता को अधिक त्वरित एवं बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। नवीन वाहनों के जुड़ने से राजस्व विभाग के मैदानी कार्यों को विशेष बल मिलेगा। दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक अधिकारियों तथा कर्मचारियों की पहुंच आसान होने से नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, सर्वेक्षण और अन्य लंबित राजस्व प्रकरणों के निपटारे में गति आने की उम्मीद है। इससे गांव स्तर पर समस्याओं का मौके पर समाधान करने में भी सहूलियत होगी।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन, निरीक्षण, भू-अभिलेख सत्यापन और सर्वेक्षण जैसे कार्यों में भी इन वाहनों की उपयोगिता महत्वपूर्ण मानी जा रही है। किसी भी आकस्मिक स्थिति या प्राकृतिक आपदा के समय प्रशासनिक अमला प्रभावित क्षेत्रों तक तेजी से पहुंच सकेगा। साथ ही शासन की योजनाओं की निगरानी, समीक्षा और क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाने में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक तंत्र को आधुनिक संसाधनों से सशक्त करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में विभागों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि जनसेवा की गुणवत्ता और कार्यों की रफ्तार दोनों में सुधार हो। नए वाहनों से विशेष रूप से उन इलाकों में राहत मिलेगी जहां पहुंच की समस्या के कारण काम प्रभावित होता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित