नयी दिल्ली , अप्रैल 04 -- राजस्थान, पंजाब और गुजरात के उत्तरी हिस्सों में बुनियादी ढांचे के विकास और रखरखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सीमा सड़क संगठन के प्रोजेक्ट चेतक ने शनिवार को बीकानेर में अपना 47वां स्थापना दिवस मनाया।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह आयोजन पश्चिमी क्षेत्र के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इलाकों में चार दशकों से अधिक समय से दी जा रही समर्पित सेवा को दर्शाता है। वर्ष 1980 में इसी दिन स्थापित इस परियोजना ने राजस्थान, पंजाब और गुजरात के उत्तरी हिस्सों में बुनियादी ढांचे के विकास और रखरखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों को जोड़ा गया है तथा राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास में योगदान मिला है।
अपने आदर्श वाक्य 'चेतक का प्रयास, देश का विकास' के साथ, प्रोजेक्ट चेतक भौगोलिक क्षेत्र के हिसाब से सीमा सड़क संगठन की सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक है, जो 4,000 किलोमीटर से अधिक सड़क नेटवर्क और 214 किलोमीटर खाई-सह-बंध (डिच-कम-बंड) को कवर करता है। यह रक्षा बलों को अंतरराष्ट्रीय सीमा की ओर जाने वाली महत्वपूर्ण संपर्क सड़कों के रखरखाव के माध्यम से सहयोग देता है, और इन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग दो-लेन मानकों तक उन्नत करने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित