उदयपुर , दिसम्बर 18 -- राजस्थान में उदयपुर में विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर 21 दिसम्बर को हार्टफुलनेस मूवमेंट द्वारा वैश्विक लाइव ध्यान सत्र का आयोजन किया जाएगा।

विशेष सत्र का नेतृत्व हार्टफुलनेस के वैश्विक मार्गदर्शक पूज्य दाजी कमलेश डी पटेल करेंगे। यह लाइव ध्यान सत्र रात आठ बजे प्रारंभ होगा और 'एक विश्व, एक हृदय' के प्रेरक संदेश के साथ पूरी दुनिया को एक सूत्र में पिरोएगा।

कार्यक्रम के राज्य समन्वयक विकास मोघे ने गुरुवार को यहां बताया कि इस वैश्विक आयोजन में 160 देशों के 10 लाख से अधिक अभ्यासी ऑनलाइन माध्यम से एक साथ ध्यान का अभ्यास करेंगे। राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, बीकानेर सहित सभी जिलों के हार्टफुलनेस अभ्यासी और साधक भी अपने-अपने स्थानों से इस सामूहिक ध्यान में सहभागिता करेंगे। राज्य के कई केंद्रों पर सामूहिक रूप से स्क्रीन के माध्यम से जुड़ने की भी तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि हार्टफुलनेस संगठन द्वारा आयोजित यह सत्र यू ट्यूब लाइव सहित अन्य डिजिटल मंचों पर निःशुल्क उपलब्ध रहेगा। विशेष बात यह है कि ध्यान सत्र के दौरान कई भाषाओं में सबटाइटल एवं लाइव अनुवाद की सुविधा रहेगी, ताकि विश्व के हर कोने से जुड़े साधक सहजता से ध्यान कर सकें। सत्र की रिकॉर्डिंग भी बाद में देखने के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित