जयपुर , मार्च 27 -- राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने शुक्रवार को सिरोही जिले के दौरे के दौरान जिला चिकित्सालय सिरोही एवं माउंटआबू सीएचसी का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस अवसर पर श्री खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी अधिकारी इसी भावना के साथ काम करते हुए जिले में सुदृढ एवं सुचारू चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल में बिजली पानी की सुचारू व्यवस्था, वाटर कूलर, मैन पॉवर, सफाई व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्साधिकारियों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा। साथ ही आवश्यक चिकित्सकीय उपकरणों की व्यवस्था भी की जाएगी। चिकित्सा मंत्री ने अस्पताल में साफ सफाई की व्यवस्था सृदृढ़ रखने के निर्देश दिये।

श्री खींवसर ने इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ ही कार्मिकों के साथ भी संवाद किया एवं अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए अधिकारी मापदण्डों के अनुरूप चिकित्सा सुविधाएं दिया जाना सुनिश्चित करें।

इस दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित