जयपुर , अप्रैल 02 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस दौरान उन्होंने हेल्पलाइन पर परिवादियों से सीधे संवाद करके उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, प्रभावी एवं संतुष्टि आधारित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान हेल्पलाइन पर चूरू निवासी रूघाराम ने श्री शर्मा को 10 वर्ष पुरानी मतदाता सूची उपलब्ध नहीं होने के कारण मूल निवास प्रमाण-पत्र जारी नहीं हो पाने की समस्या बताई। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए ई-मित्र के माध्यम से आवेदन को पुनः प्रक्रिया में लिया गया और संबंधित तहसील कार्यालय द्वारा मूल निवास प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया।

इसी प्रकार जयपुर निवासी ज्योति की एलपीजी सिलेंडर डिलीवरी की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने तत्काल समाधान के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई के उपरांत सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की गई, जिस पर परिवादी ने संतोष व्यक्त किया। फोन पर मुख्यमंत्री की आवाज सुनते ही परिवादी आश्चर्यचकित हो गए और अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

श्री शर्मा ने हेल्पलाइन के विभिन्न सेक्शनों का अवलोकन करके शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया, संतुष्टि दर और अधिकारियों द्वारा किए जा रहे निरीक्षणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी नागरिक असंतुष्ट न रहे तथा प्रत्येक परिवेदना का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेहिता के साथ निस्तारण किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभागों द्वारा शिकायतों पर दी जाने वाली प्रतिक्रिया समाधान केंद्रित, संक्षिप्त एवं संतोषजनक हो। साथ ही, हेल्पलाइन सेंटर पर कार्यरत कार्मिकों के कामकाज के प्रदर्शन की रिपोर्ट तैयार करके नियमित निगरानी की जाए तथा परिवादियों की संतुष्टि दर में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित