जयपुर , फरवरी 26 -- राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को कांग्रेस सदस्यों के नारेबाजी और हंगामे के कारण कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गयी।

विधायक राजेन्द्र पारिक अपने एक ध्यानाकर्षण प्रस्ताव 'राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बाजौर के खेल मैदान को विद्यालय विकास समिति की सहमति बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किये जाने से उत्पन्न स्थिति के सबंध में' पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। वह इसको लेकर कुछ बोलना चाह रहे थे, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं मिली। इस पर वह सदन के बीचोबीच आ गये। इसी के साथ विपक्ष के नेता टीकाराम जूली सहित कांग्रेस के अन्य सदस्य भी खड़े हो गये। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक गोविंद सिंह डोटासरा एवं अन्य कांग्रेस के विधायक श्री पारीक के साथ सदन के बीचोबीचमें आकर 'शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो' नारेबाजी करने लगे। इससे सदन में शोरगुल और हंगामा हो गया।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि सदस्य को तीन बार बोलने का मौका दिया गया है। उन्होंने नारेबाजी कर रहे कांग्रेस सदस्यों को अपने-अपने स्थानों पर जाने को कहा। उन्होंने कहा कि अपने-अपने स्थानों पर जायें नहीं तो आज चर्चा नहीं होगी। हंगामे के बीच ही सदन की कार्यवाही चलती रही। करीब पांच मिनट तक हंगामा जारी रहने के बाद श्री देवनानी ने अपराह्न एक बजकर 20 मिनट पर कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित