जयपुर , फरवरी 13 -- राजस्थान विधानसभा में विधायक रोहित बोहरा के सदन में अमर्यादित व्यवहार को लेकर शुक्रवार को उनके खिलाफ कार्यवाही करने का मुद्दा उठा और इस पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मामले का वीडियो देखकर उचित कार्यवाही करने की बात कही।
शून्यकाल में विधायक श्रीचंद कृपलानी ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि सदन में इससे पहले भी वरिष्ठ विधायक गाली दे चुके हैं और श्री बोहरा का भी सदन में इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है और संबंधित विधायक से माफी मंगवाने के साथ उचित कार्यवाही होनी चाहिए। इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने भी इस पर सहमति जताते हुए कहा कि यदि किसी सदस्य का आचरण सदन की मर्यादा के अनुरूप नहीं है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की होनी चाहिए।
कांग्रेस विधायक दल के सचेतक रफीक खान ने कहा कि पूर्व में भी इस प्रकार के मामले सामने आए हैं और इसे भी पूर्व की भांति ही देखा जाना चाहिए।
श्री देवनानी ने कहा कि यह गंभीर विषय है और सदन की कार्यवाही प्रदेश की जनता देखती है और एक विधायक लाखों मतदाताओं के वोट से निर्वाचित होकर आता है और उनसे अपेक्षा होती है वह सदन में गरिमा एवं मर्यादा में रहे। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे का वीडियो देखेंगे और अगर उसमें आचरण सदन की गरिमा के अनुरूप नहीं होगा, तो उचित कार्यवाही की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित