जयपुर , दिसम्बर 02 -- राजस्थान राजभवन का नाम अब 'लोकभवन' हो गया हैं।
राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे के निर्देश पर इस संबंध में अधिसूचना जारी की गयी हैं और इसके तहत राजभवन को अब 'लोकभवन' के नाम से जाना जाएगा। गत एक दिसम्बर से यह अधिसूचना प्रभावी हो गयी।
इस अवसर पर श्री बागडे ने कहा कि औपनिवेशिक मानसिकता से लोकतांत्रिक भारतीय संस्कृति की ओर आगे बढ़ने की दिशा में लोकभवन नामकरण बहुत बड़ी पहल है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतान्त्रिक राष्ट्र है। हमारे देश के संविधान की उद्देशिका ही 'हम भारत के लोग' से प्रारंभ होती है। लोकतंत्र में लोक ही प्रमुख है, इसलिए राज्यपाल का कार्यस्थल अब लोकभवन नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकभवन केवल नामकरण नहीं बल्कि लोगों की भावनाओं एवं लोक आकांक्षाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 'राज' शब्द ब्रिटिश शासन के अवशेषों की याद दिलाता है। इसीलिए केन्द्र सरकार की पहल पर यह बड़ा बदलाव किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित