जयपुर , फरवरी 23 -- राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार को विधानसभा में बताया कि राज्य सरकार शिक्षा विभाग में आगामी वर्षों में सेवानिवृत्ति से रिक्त होने वाले पदों को भी ध्यान में रखकर भर्ती के संबंध में निर्णय ले रही हैं और भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 970 महात्मा गांधी स्कूलों में विज्ञान संकाय खोले हैं।

श्री दिलावर प्रश्नकाल में विधायक रामस्वरूप लाम्बा के पूरक प्रश्नों के जवाब में कहा कि इनके सफल संचालन के लिए गत 17 जुलाई को 4850 नवीन पदों का सृजन किया गया है। इनमें 3880 व्याख्याता स्कूल (शिक्षा) तथा 970 प्रयोगशाला सहायकों के पद शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने केवल महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के बोर्ड टांगने का काम किया। शिक्षकों की भर्ती के लिए कोई प्रयास नहीं किये गए, जिसका खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ा, जिससे शिक्षा का बंटाधार हो गया। इस पर विपक्ष के सदस्य भी बोलने लगे, जिससे सदन में शोर शराबा हुआ।

उन्होंने बताया कि बजट घोषणा वर्ष 2025-26 में 100 विद्यालयों में अतिरिक्त संकाय स्वीकृति की घोषणा की गयी, जिसके तहत 99 विद्यालयों में अतिरिक्त संकाय की स्वीकृति जारी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र नसीराबाद में छह विज्ञान संकाय खोल कर 24 व्याख्याता तथा प्रयोगशाला सहायक के छह नवीन पदों का सृजन किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित