जयपुर , अप्रैल 08 -- राजस्थान में एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के सहयोग से वर्तमान में 600 मिलियन डॉलर से अधिक की परियोजनाएं संचालित की जा रही है और आगामी समय में एडीबी के माध्यम से शहरी आधारभूत ढांचा विकास के लिए 500 मिलियन डॉलर का नवीन कार्यक्रम हाथ में लिया जाना प्रस्तावित है।

एडीबी की कंट्री डायरेक्टर मियो ओका ने बुधवार को यहां एक बैठक में बताया कि 600 मिलियन डॉलर से अधिक की परियोजनाओं में मुख्यतः राजस्थान शहरी आधारभूत संरचना, राजस्थान हाई-वे निवेश कार्यक्रम है। राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने एडीबी के सहयोग से संचालित शहरी विकास, परिवहन, मेट्रो विस्तार एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी परियोजनाओं को विकसित राजस्थान 2047 के लक्ष्य की आधारशिला बताते हुए उन्हें समयबद्ध गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। श्री श्रीनिवास एडीबी की कंट्री डायरेक्टर के नेतृत्व में आये दल के साथ समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए।

मुख्य सचिव द्वारा इस कार्यक्रम के तहत लिये जाने वाले कार्यों की डीपीआर शीघ्र तैयार करने के लिए निर्देश दिये गये। जयपुर में मेट्रो का द्वितीय चरण के लिये भी एडीबी के माध्यम से वित्तीय सहायता प्राप्त की जानी प्रस्तावित है। यह प्रस्ताव एडीबी में उच्च स्तर पर स्वीकृति के लिए वर्तमान में प्रक्रियाधीन है। मुख्य सचिव द्वारा जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के द्वितीय चरण के शेष पैकेज की निविदा भी शीघ्र जारी करने हेतु निर्देश दिये गये।

एडीबी द्वारा राज्य के वन अभ्यारण्यों में इकोसिस्टम को बहाल करने एवं वन्य जीवों एवं आदमी में मध्य संघर्ष को कम करने के लिये एक नवीन परियोजना स्वीकृत किया जाना प्रस्तावित है। मुख्य सचिव द्वारा इन परियोजना की स्वीकृति को त्वरित गति से आगे बढ़ाने के लिये निर्देशित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित