जयपुर , मार्च 02 -- राजस्थान पुलिस ने रोहित गोदारा और लॉरेंस गिरोह के सहित 1276 अपराधियों को चिह्नित कर प्रदेश के 19 जिलों में संगठित अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर 214 अपराधियों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में अवैध हथियार और ड्रग्स जब्त किये।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश में भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के उनके दृष्टिकोण को धरातल पर उतारते हुए संगठित गिरोहों के विरुद्ध पुलिस ने रविवार अलसुबह बड़ी घेराबंदी की। अभियान का मुख्य लक्ष्य अवैध हथियार रखने वाले, इलाके में रंगदारी एवं अन्य अपराधी घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह से संबंधित नेटवर्क को जड़ से उखाड़ना था और यह कार्रवाई जयपुर एवं जोधपुर आयुक्तालय सहित राज्य के 19 जिलों में की गयी।
श्री शर्मा ने बताया कि इस विशेष अभियान के लिए कुल 1276 अपराधियों को लक्ष्य पर लिया गया और इनमें रोहित गोदारा और लॉरेंस गिरोह से संबंधित 383, स्थानीय गिरोह के 534 और अन्य श्रेणियों के 359 इनामी एवं वांछित अपराधी चिह्नित किये गये थे। पुलिस की टीमों ने इन जिलों में इनके ठिकानों पर सघन दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध हथियार और ड्रग्स जब्त किये। इनमें आर्म्स एक्ट के तहत 30 प्रकरण दर्ज कर 17 पिस्तौल, तीन देशी तमंचे, 14 कारतूस, छह चाकू और छह छुरे बरामद किये गये। एनडीपीएस एक्ट के 34 मामलों में पुलिस ने 1.166 किलो हेरोइन, 8.544 ग्राम स्मैक, 5.29 ग्राम एमडी, 300 ग्राम अफीम, 14.792 किलो गांजा और 26.08 किलो डोडा पोस्त जब्त किया गया। इस दौरान झुंझुनू जिले में कार्यवाही करते हुए पुलिस ने 8153 अफीम के पौधे भी बरामद किये गये।
अभियान के तहत पुलिस ने कुल 214 फरार और वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता पायी, जिसमें 11 इनामी अपराधी, 157 वारंटी और 46 अन्य वांछित शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न जिलों से 32 वाहन और 19 मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी साक्ष्य के तौर पर जब्त किये गये हैं। हनुमानगढ़ में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान पंजाब की बंबीहा गिरोह के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से 11 पिस्तौल और 22 मैगजीन बरामदहुई। ये हथियार इंदौर से पंजाब आपूर्ति किये जाने थे, वहीं चूरू में सुरेश सेन नामक हार्डकोर अपराधी के घर पर दबिश दी गयी, जहां से भारी मात्रा में अवैध शराब, 12 विभिन्न बैंक के कार्ड, पासबुक एवं चैक बुक और पांच लाख 30 हजार 600 नकद बरामद हुए। इसी जिले में विदेश में बैठे अपराधी महेंद्र डेलाना गिरोह के सदस्य धनराज उर्फ धन्ना को भी गिरफ्तार कर एक अवैध देशी तमंचा बरामद किया गया, आरोपी कुचामन क्षेत्र में गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इस कार्यवाही के दौरान 428 गिरोह सदस्यों के पूछताछ नोट और डोजियर तैयार किये ताकि भविष्य में उनके नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
इस विशेष अभियान के तहत राजस्थान पुलिस ने प्रदेश की विभिन्न पुलिस रेंज में एक साथ व्यापक कार्रवाई कर अपराध जगत में हड़कंप मचा दिया। जयपुर रेंज में जयपुर के चारों जिलों सहित सीकर, झुंझुनू और कोटपूतली-बहरोड़ में सघन दबिश अभियान चलाया गया। जयपुर में 142 अपराधियों को चिह्नित कर 62 डोजियर तैयार किए गए। झुंझुनू में 194 बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर 8,153 अफीम के पौधे जब्त किए गए। सीकर में 95 बदमाशों तथा कोटपूतली-बहरोड़ में 68 बदमाशों को चिह्नित कार्रवाई की गयी, जहां 13 डोजियर तैयार कर दो वाहन जब्त किये गये।
बीकानेर रेंज में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गयी। बीकानेर में 67 बदमाशों के खिलाफ दबिश देकर एनडीपीएस एक्ट के सात प्रकरण दर्ज किए गए और 62 किलो 155 ग्राम डोडा पोस्त तथा अन्य मादक पदार्थ जब्त किये गये। श्रीगंगानगर में 138 बदमाशों के ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए 14 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर एक किलो 130.21 ग्राम हेरोइन, 11 किलो 870 ग्राम पोस्त और 200 ग्राम अफीम जब्त की गई। हनुमानगढ़ में 61 बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई कर पंजाब की बंबीहा गैंग से 11 पिस्टल और 12 मैगजीन बरामद की गयी। चूरू में 105 बदमाशों को चिह्नित कर पांच इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
जोधपुर रेंज में जोधपुर पूर्व-पश्चिम, जोधपुर ग्रामीण और फलौदी जिलों में दबिश दी गयी। जोधपुर शहर में 51 बदमाशों के ठिकानों पर कार्रवाई कर आठ डोजियर एवं पूछताछ नोट तैयार किए गए। जोधपुर ग्रामीण में 12 बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई कर एक अवैध हथियार बरामद किया गया तथा तीन इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। फलोदी में 157 चिह्नित बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई कर 14 किलो 210 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया और तीन फरार इनामी बदमाश गिरफ्तार किये गये।
अजमेर रेंज में अजमेर शहर, नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों में कार्रवाई की गयी। अजमेर में 18 बदमाशों को चिह्नित किया गया। नागौर में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज कर 14.215 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया तथा एक इनामी सहित कई वारंटी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। डीडवाना-कुचामन में 166 बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर सात इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर तीन वाहन जब्त किये गये।
कोटा रेंज में कोटा शहर में 119 अपराधियों को चिह्नित कर आर्म्स एक्ट के 17 प्रकरण दर्ज किये गये, जिनमें पिस्टल, देसी कट्टा, कारतूस और धारदार हथियार बरामद किए गए। एनडीपीएस एक्ट के चार प्रकरणों में 556 ग्राम गांजा और 1.44 ग्राम स्मैक जब्त की गयी। दस इनामी अपराधियों सहित कई वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी की गयी तथा 170 बीएनएसएस के तहत 187 आदतन अपराधियों को भी हिरासत में लिया गया।
प्रदेश के चिह्नित जिलों में एक साथ की गयी इस समन्वित कार्रवाई में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ, अवैध हथियार और वाहन जब्त किये गये तथा इनामी, वारंटी और आदतन अपराधियों की गिरफ्तारी से संगठित अपराध के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित