बारां , मार्च 20 -- राजस्थान में बारां में रियासतकाल से जारी 129वें वर्ष गणगौर की शाही सवारी शनिवार को शहर में धूमधाम एवं उत्साह के साथ परम्परागत तरीके से निकाली जावेगी।

इसमें मुख्य रूप से ईसरगौर के स्वर्ण आभूषण से सुसज्जित तीन जोडे एवं संत प्रेमानन्द महाराज की सजीव पैदल झांकी इस बार आकर्षण का केन्द्र रहेगी। बताया गया है कि शाही सवारी में शहर के ख्यातनाम बेण्ड बाजों के बीच कंजरी नृत्य, कच्ची घोड़ी एवं घुडसवार भी शामिल रहेंगे।

गणगौर महोत्सव समिति के संरक्षक ललित मोहन खण्डेलवाल, रामभरोसे सेन, अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने बताया कि गणगौर की शाही सवारी शनिवार देर शाम शहर के चौमुखा बाजार से प्रारम्भ होकर सर्राफा बाजार, सदर बाजार, धर्मादा चौराहा, मेन मार्केट, प्रताप चौक होते हुए इन्द्रा बाजार से श्रीजी चौक प्रस्थान स्थल पर पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि इस बार गणगौर की शाही सवारी में शहनाई की गूंज, कंजरी नृत्य, कच्ची घोडी, घुडसवारी करते हुए लवकुश, बग्घी में बिराजे रामदरबार, लक्ष्मीनारायण भगवान, हनुमानजी, श्रीकृष्ण गाय पर, रानीदेव और काली माता की पैदल झांकी के साथ-साथ श्रीनाथजी, शिव बारात भी काफी आकर्षण का केन्द्र रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित