जयपुर , अप्रैल 12 -- राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने राज्य सरकार को गांव ढाणी तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध बताते हुए कहा हैं कि इसी दिशा में लगातार हर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।
श्री खींवसर रविवार को नागौर जिले के खींवसर में जिला अस्पताल के नए भवन के भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शहरों से लेकर कस्बों तक में चिकित्सा संस्थानों को क्रमोन्नत किया जा रहा है और नए भवन बनाए जा रहे हैं ताकि लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों में जाने की मजबूरी नहीं रहे।
उन्होंने जिला अस्पताल के भवन का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस जिला चिकित्सालय के निर्माण से खींवसर सहित आसपास के गांवों के हजारों लोगों को अत्याधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी।
इस अवसर पर खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा ने जिला अस्पताल स्तर की स्वास्थ्य सुविधा विकसित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं श्री खींवसर का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित