जयपुर , मार्च 09 -- राजस्थान रबी-2026 के तहत सरसों एवं चना की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद 25 मार्च और एक अप्रैल से दो चरणों में शुरू की जायेगी।
राज्य के सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने सोमवार को बताया कि केन्द्र सरकार से स्वीकृति प्राप्त हो जाने के बाद राजफेड द्वारा रबी-2026 के तहत सरसों एवं चना की समर्थन मूल्य पर खरीद राजफेड के चार क्षेत्रीय कार्यालयों कोटा, अजमेर, भरतपुर एवं श्रीगंगानगर में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 15 मार्च से एवं खरीद 25 मार्च से शुरू होगी जबकि, शेष चार क्षेत्रीय कार्यालयों जयपुर, जोधपुर, उदयपुर एवं बीकानेर नें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 20 मार्च एवं खरीद एक अप्रैल से शुरू की जायेगी।
श्री दक ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा सरसों का एमएसपी 6200 रुपये प्रति क्विंटल एवं चना का समर्थन मूल्य 5875 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। राज्य में सरसों की 13.78 लाख टन एवं चना की 5.53 लाख टन खरीद की सीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि जिलेवार सीमा ऑनलाइन उपलब्ध करवा दी गई है। अजमेर, जोधपुर, बीकानेर एवं कोटा क्षेत्रीय कार्यालय के तहत आने वाले 19 जिलों में एनसीसीएफ द्वारा एवं जयपुर, उदयपुर, श्रीगंगानगर एवं भरतपुर क्षेत्रीय कार्यालय के तहत आने वाले 22 जिलों में नेफेड द्वारा खरीद कार्य कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित