बीकानेर , अप्रैल 24 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलाेत ने शुक्रवार को कहा कि राजस्थान में लोकतंत्र की स्थिति उलटी हो गई है जहां सरकार विपक्ष पर आक्रामक है।
उद्योगपति एवं बीकाजी समूह के मुख्य प्रबंधक निदेशक दिवंगत शिवरत्न अग्रवाल के आज यहां अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे श्री गहलोत ने पत्रकारों से कहा कि सत्ता में होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पक्ष पर अधिक आक्रामक है। लोकतंत्र में विपक्ष सरकार की कमियों को उजागर करता है, लेकिन वर्तमान में सरकार ही विपक्ष पर हमलावर हो रही है।
श्री गहलोत ने कहा कि भाजपा को रिफाइनरी जैसी महत्वपूर्ण परियोजना की समझ नहीं है और वह बिना तथ्यों के बयान दे रही है। उन्होंने राजस्थान रिफाइनरी परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत उनकी सरकार ने वर्ष 2013 में की थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इस क्षेत्र में बुनियादी ढांचे जैसे सड़क और बिजली विकास पर पर्याप्त काम नहीं किया, जिससे रोजगार की संभावनाएं प्रभावित हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित