जयपुर , फरवरी 07 -- राजस्थान में रेलवे के लिए वर्ष 2026-27 के बजट में पहली बार 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है और प्रदेश में 56 हजार करोड़ रुपए से अधिक के कार्य प्रगति पर है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के 77 स्टेशनों को सम्मिलित किया गया है जिनका कार्य तीव्रता से प्रगति पर है।
श्री सुदर्शन ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे के अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे के 77 स्टेशनों में से पांच स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य पूर्ण हो चुका है जिनका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। इसके अलावा वर्तमान में 4 स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य पूर्ण हो चुका है।
उन्होंने बताया कि इस वित्त वर्ष में आगामी मार्च तक 10 से अधिक स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा अगले वर्ष 2026-27 में 40 से अधिक स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है जिसके लिए बजट में पर्याप्त आवंटन का प्रावधान किया गया है ताकि इस योजना के अंतर्गत स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य सुगमता से पूर्ण हो सके।
उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों के पुनर्विकास में स्थानीय कला को ध्यान मे रखकर आधुनिकता का समावेश किया जा रहा है। यात्रियों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए आगमन और प्रस्थान का अलग-अलग प्रावधान किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए आवश्यकता अनुसार लिफ्ट, एस्केलेटर, एग्जीक्यूटिव लांउज, वेटिंग रूम, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, कैफेटेरिया, पर्याप्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अमृत स्टेशन पुनर्विकास योजना से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, लोगों को आने जाने मे सुविधा होगी, स्वच्छ और आधुनिक रेलवे स्टेशनों से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित