जयपुर , फरवरी 25 -- राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव के लिए अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में चार करोड़ दो लाख 20 हजार 734 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बुधवार को बताया कि इनमें दो करोड़ आठ लाख 62 हजार 380 पुरुष एवं एक करोड़ 93 लाख 58 हजार 147 महिला तथा 207 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रारूप प्रकाशन के बाद अंतिम प्रकाशन तक पांच लाख 73 हजार 568 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है, जो कुल मतदाताओं का लगभग 1.45 प्रतिशत है।

श्री सिंह ने बताया कि मतदाताओं की प्रतिशत वृद्धि के आधार पर बांसवाड़ा जिले में सर्वाधिक 4.55 प्रतिशत तथा फलोदी जिले में 4.46 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है वहीं टोंक जिले में न्यूनतम 0.04 प्रतिशत एवं श्रीगंगानगर जिले में 0.19 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन गत 29 जनवरी को किया गया था तथा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के नियमानुसार निराकरण के पश्चात बुधवार को अंतिम प्रकाशन किया गया।

उन्होंने बताया कि जिन व्यक्तियों ने गत एक जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की थी, उन्हें मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि 29 जनवरी को प्रकाशित प्रारूप सूची में तीन करोड़ 96 लाख 47 हजार 166 मतदाता थे। इस अवधि में 13 लाख 66 हजार 435 मतदाता जोड़े गए जबकि सात लाख 92 हजार 867 मतदाता हटाए गए। इसके पश्चात अंतिम प्रकाशन में कुल मतदाताओं की संख्या चार करोड़ दो लाख 20 हजार 734 हो गई।

उन्होंने बताया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूचियां संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, ग्राम पंचायत, पंचायत समिति एवं जिला परिषद कार्यालयों में निरीक्षण के लिए उपलब्ध करा दी गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित