जयपुर , मार्च 25 -- राजस्थान के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा है कि प्रदेश में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इस संबंध में कोई समस्या नहीं है तथा उपभोक्ताओं को तीन-चार दिन में गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है।
श्री गोदारा बुधवार को एलपीजी आपूर्ति पर विभाग के अधिकारियों तथा ऑयल गैस मार्केटिंग कम्पनियों के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक वीसी के माध्यम से ली और यह बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार विभाग आमजन को अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों जनित वर्तमान परिस्थिति में अधिकतम राहत देने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रहा है और प्रदेश में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति के संबंध में कोई समस्या नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में घरेलू रसोई गैस आपूर्ति हेतु पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आमजन को इस संबंध में चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आमजन से भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों जनित वर्तमान स्थिति का घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। घरेलू उपभोक्ताओं को बुकिंग के तीन से चार दिन के अंदर गैस सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है। बड़ी संख्या में ऑनलाइन बुकिंग एक समय पर होने के कारण गैस कंपनियों के सर्वर बीच में कुछ समय के लिए रुके थे परन्तु सुचारू आपूर्ति के संबंध में आश्वस्त होने के उपरांत बुकिंग सामान्य होने से अब ऐसी कोई समस्या नहीं है।
श्री गोदारा ने कहा कि प्रदेश में सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं में को निरंतर रसोई गैस आपूर्ति हो रही है। बिना ओटीपी और डायरी में एंट्री किए गैस सिलेंडर के डाइवर्जन की घटनाएं कुछ एजेंसियों में सामने आई है। इस प्रकार के घटनाक्रमों से असल उपभोक्ताओं को आपूर्ति प्रभावित होती है। उन्होंने गैस कंपनियों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ओटीपी और डायरी में एंट्री किए बिना गैस सिलेंडर की डिलीवरी शत प्रतिशत बंद हो ताकि फर्जी बुकिंग से होने वाले डाइवर्जन की पूर्णतया रोकथाम हो सके तथा उपभोक्ताओं को अधिकतम राहत मिले।
उन्होंने कहा कि अधिकारी सुनिश्चित करें कि घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर पर डिलीवर करने वाले हॉकर भी अपने आईडी कार्ड को डिलीवरी के दौरान नियमित रूप से पहने रखें। उन्हेांने कहा कि राजस्थान के विभिन्न जिलों में पीएनजी पाइपलाइन पहुंच चुकी है। उन्होंने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन के लिए पाइपलाइन विद्यमान है वहां प्राथमिकता से आमजन को पीएनजी कनेक्शन दिए जाएं। पीएनजी कनेक्शन के लाभ से आमजन एवं संस्थाओं को अवगत कराते हुए उन्हें अधिक से अधिक पीएनजी कनेक्शन लेने हेतु प्रोत्साहित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित