जयपुर , दिसंबर 18 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को सिरोही जिले में एक चिकित्सा अधिकारी,जोधपुर में एक पुलिस कांंस्टेबल और हनुमानगढ़ जिले के एक पटवारी को चार हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी चित्तौडगढ़ को शिकायत की कि सिरोही जिले के कार्यालय ब्लॉक मुख्य चिकित्साधिकारी रेवदर के ब्लॉक मुख्य चिकित्साधिकारी (बीसीएमओ) डा लोन्ग मोहम्मद उसके मण्डार स्थित क्लिनिक को चैक नहीं करने एवं केस नहीं बनाने की एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत राशि की मांग कर रहे है।
एसीबी टीम ने ट्रेप कार्रवाई करते हुए आरोपी डा मोहम्मद परिवादी से 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इनमें 20 हजार रुपये भारतीय मुद्रा एवं शेष 30 हजार रुपए के डमी नोट भारतीय मनोरंजन बैंक के शामिल थे।
इसी तरह ब्यूरो टीम ने हनुमानगढ़ जिले में भादरा तहसील के झांसल पटवार मण्डल के पटवारी चरण सिंह को परिवादी से उसकी बहनों द्वारा अपनी कृषि भूमि को भाई एवं पिताजी के नाम हक त्याग करने पर नामान्तरण दर्ज करने की एवज में चार हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत के चार हजार रुपये पटवारी की पेंट की जेब से बरामद कर लिए गए।
इसके अलावा एसीबी ने जोधपुर में राजीव गांधी नगर थाना के कांस्टेबल भविष्य कुमार को परिवादी से एक मामले में 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया जबकि उपनिरीक्षक प्रेम नाथ एसीबी की कार्रवाई की भनक लगने से मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित