जयपुर , दिसम्बर 29 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं हैं और उन्हें बाहर निकालने के लिए राज्य सरकार ने काम प्रारंभ कर दिया है।

श्री शर्मा ने सोमवार को यहां अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 61वें प्रांत अधिवेशन के उद्घाटन समारोह में यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाई पावर्ड डेमोग्राफी मिशन की घोषणा की है और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा है कि घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा। इसी कड़ी में अब राजस्थान में भी राज्य सरकार ने यह काम शुरू किया है और राजस्थान में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है।

उन्होंने कहा कि एबीवीपी देश को एक नयी दिशा देने वाले अनेक आंदोलनों की सूत्रधार रही है और वह वर्ष 1970 में बंगलादेशी घुसपैठियों के देश में उत्पात के खिलाफ मुहिम एवं विश्वविद्यालयों में स्वस्थ वातावरण का निर्माण ऐसे आंदोलनों में शामिल रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नयी शिक्षा नीति भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण कदम है। अब भारतीय भाषा में पठन-पाठन को बढ़ावा दिया जा रहा है। राजस्थान भी इस मुहिम में रोज नये कदम बढ़ा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित