टोंक , जनवरी 31 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि सरकार ने राज्य को ऐसा बनाया है, जहां युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर, गरीबों का उत्थान और किसानों का जीवन खुशहाल हो रहा है और इसी कड़ी में आयोजित ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से लाखों ग्रामीण लाभान्वित हो रहे हैं।
श्री शर्मा शनिवार को टोंक के निवाई में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में आमजन को विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक करते हुए पात्र व्यक्तियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। ये शिविर प्रदेश के हर गिरदावर सर्किल पर लगाये जा रहे हैं, ताकि किसानों और ग्रामीणों को सभी सेवायें नजदीक उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि ग्राम उत्थान शिविरों में किसानों, पशुपालकों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किये जा रहे हैं। अब तक पूरे प्रदेश में 941 ग्राम उत्थान शिविर लगाकर लाखों ग्रामीणों को लाभ पहुंचाया गया है। इनमें 50 हजार से अधिक सोइल हेल्थ कार्ड और 33 हजार स्वामित्व कार्ड का वितरण किया गया है। दो लाख 60 हजार पशुओं की प्राथमिक चिकित्सा और 20 हजार पशुओं का टीकाकरण किया गया है। वहीं, पीएम सूर्य घर योजना के तहत 20 हजार पंजीकरण भी किये गये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि जब गांव आगे बढ़ेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा। हाल में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केन्द्र सरकार वीबी जी राम जी कानून लेकर आयी है, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी गयी है। इसके माध्यम से ऐसे स्थायी विकास के कार्य होंगे जो गांवों में जल सुरक्षा, बुनियादी ढांचा और आजीविका संवर्धन में कारगर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि योजना में तकनीक के माध्यम से कार्य पारदर्शी तरीके से होंगे। इससे हर श्रमिक को पैसा समय पर मिलेगा। यह कानून ग्रामीण भारत की तस्वीर बदलेगा और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सशक्त भूमिका निभाएगा।
श्री शर्मा ने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश में अभूतपूर्व बदलाव आये हैं। प्रधानमंत्री देश के किसान, युवा, महिला और मजदूर चारों वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने देश में विकास एवं गरीब कल्याण की योजनाओं से दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया है। महिलाओं के लिए 450 रुपये में गैस सिलेण्डर तथा किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से राहत दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार राज्य के विकास के लिए रोडमैप बनाकर कार्य कर रही है। पानी की प्राथमिकता को समझते हुए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, गंगनहर की मरम्मत जैसे अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिये गये हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में बिजली देने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में राजस्थान के 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को नौ हजार रुपये दे रही है। पिछले दो साल में प्रदेश के किसानों को 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे खातों में भेजी गयी है।
श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर दे रही है। राइजिंग राजस्थान समिट के माध्यम से प्रदेश में निवेश एवं रोजगार के नये मार्ग प्रशस्त हुए हैं। हमारी मंशा है कि युवा रोजगार प्रदाता भी बने इसलिए हमारी सरकार द्वारा राजस्थान युवा पॉलिसी लायी गयी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एक लाख से अधिक सरकारी पदों पर युवाओं को नियुक्तियां दे चुकी है। एक लाख 54 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। वहीं, इस वर्ष के लिए एक लाख सरकारी पदों पर भर्तियों का कैलेंडर जारी किया जा चुका है। प्रदेश में सभी भर्तियां पूरी पारदर्शिता से हो रही हैं। उन्होंने युवाओं को आश्वस्त किया कि वे मन लगाकर पढ़ाई करे, सरकार आपके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने टोंक को 370 करोड़ रुपये से अधिक राशि के 64 विकास कार्यों की सौगात भी दी। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न लोकार्पण और शिलान्यास शामिल हैं। साथ ही, उन्होंने मल्टी क्रॉप थ्रेसर अनुदान, किसान क्रेडिट कार्ड, गोपाल क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता, शेडनेट हाउस तथा पॉली हाउस की सब्सिडी योजनाओं के लाभार्थियों एवं राजीविका दीदी समूहों को प्रतीकात्मक रूप से चैक वितरित किए और पीएम कुसुम योजनान्तर्गत सोलर पम्प प्रमाण-पत्र भी सौंपे। इससे पहले श्री शर्मा ने ग्राम उत्थान शिविर का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, विधायक रामसहाय वर्मा, राजेन्द्र गुर्जर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित