जयपुर , मार्च 27 -- राजस्थान के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा है कि राज्य सरकार ने दिव्यांगों के जीवन को सुगम बनाने के लिए पहले बजट में दो हजार एवं दूसरे में ढाई हजार स्कूटियों की सौगात दी थी और अब तीसरे बजट के तहत भी 2,500 स्कूटियों का वितरण किया जायेगा।
श्री गहलोत गुरुवार को टोंक जिले के उनियारा के राजकीय सरदार उच्च माध्यमिक विद्यालय में दिव्यांगों के स्कूटी वितरण कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2016 में दिव्यांगता के श्रेणी में आने वाली बीमारियों की सात कैटेगरी को बढ़ाकर 21 कर दिया था। इससे अधिकाधिक दिव्यांग भाई-बहनों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार के विधायक कोष से स्थानीय विधायक राजेन्द्र गुर्जर द्वारा एक करोड़ से अधिक राशि की 88 स्कूटियों का वितरण किया जा रहा है। इससे पता चलता है कि विधायक आमजन की व्यक्तिगत समस्याओं को लेकर बेहद संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता होने पर यूडीआईडी कार्ड केन्द्र सरकार के स्वावलम्बन पोर्टल पर ऑनलाईन आवेदन करने पर बनता है। आगामी एक अप्रैल से राज्य सरकार की ओर से दिव्यांगों को 1450 प्रतिमहीना पेंशन दी जायेगी। साथ ही सौ प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता होने पर एक हजार रुपये की अतिरिक्त राशि मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित