उदयपुर , दिसम्बर 19 -- राजस्थान में आबकारी विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में शुक्रवार को शराब की तस्करी, अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिये जारी विशेष अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त, दबिश की प्रभावी कार्रवाई करके मामले दर्ज किए गए।
आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते ने शुक्रवार को बताया कि इसके तहत जयपुर में जमवारामगढ़ कांकरेल वन क्षेत्र में आबकारी निरोधक दल की कार्रवाई में वॉश एवं भट्टियां नष्ट की गई। डूंगरपुर जिले सागवाड़ा क्षेत्र के रोंदा, फला ओबरी एवं कडाना बेक वाटर के मेटीटंबा में छह हजार लीटर वॉश एवं 13 भट्टी नष्ट की गई साथ ही 35 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई।
इसी प्रकार बीकानेर के श्रीकरणपुर में दबिश की कार्रवाई में 600 लीटर वॉश नष्ट किया एवं 12 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई। मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार करके दो अभियोग दर्ज किये। हनुमानगढ़ में टिब्बी, सुरेवाला क्षेत्र में 200 लीटर वॉश नष्ट करके 15 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
उन्होंने बताया कि अलवर जिले में पड़त मदिरा क्षेत्र ढिगावड़ा, राजगढ वृत्त में कार्रवाई के तहत 40 पेटी विभिन्न ब्रांड की अवैध शराब जब्त की गई और एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार किया गया। जोधपुर में आबकारी क्षेत्र सरदारपुरा एवं जोधपुर पश्चिम की नट बस्ती, मसूरिया एवं तनावड़ा में कार्रवाई के तहत 450 लीटर वॉश नष्ट करते हुए तीन मामले दर्ज किए।
बांसवाड़ा में आबकारी निरोधक दल ने दबिश देकर 2200 लीटर वॉश नष्ट करके चार अभियोग दर्ज किए। इसी प्रकार राज्य के अन्य जिलों में भी निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश एवं सघन गश्त की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित