उदयपुर , जनवरी 15 -- एसजीएफआई एवं पीएम श्री फतह स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में उदयपुर में चल रही 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता में गुरुवार को राजस्थान ने गुजरात से 5-2 से मुकाबला जीत करके क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

शुक्रवार को राजस्थान का क्वार्टर फाइनल में मुकाबला खेलगांव के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर झारखंड से होगा।

सुबह के सत्र में खेल गांव के एस्ट्रो टर्फ मैदान पर खेले गए राजस्थान एवं गुजरात के मध्य प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में राजस्थान ने पहले क्वार्टर में तीन गोल एवं दूसरे क्वार्टर में एक गोल दाग कर कुल गोल 4-0 से बढ़त बना ली थी, लेकिन गुजरात ने हॉफ टाइम बाद लगातार दो गोल कर दिए। जिससे मैच रोमांचक हो गया। इसके बाद राजस्थान ने वापसी करते हुए एक गोल करके स्कोर 5-2 कर दिया।

प्रतियोगिता में आठ टीमें राजस्थान, पंजाब, उड़ीसा, दिल्ली, सीबीएसई, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश एवं झारखंड क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पंहुच चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित