कोटा , मार्च 09 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू), कोटा के 11 मार्च को होने वाले 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि इस अवसर पर विश्वविद्यालय के 9237 विद्यार्थियों को डिग्रियाँ प्रदान की जाएंगी। समारोह के दौरान कुलाधिपति स्वर्ण पदक, कुलपति स्वर्ण पदक और विभिन्न पाठ्यक्रमों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 29 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 34 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इस समारोह की अध्यक्षता श्री बागडे करेंगे जबकि मुख्य अतिथि राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा होंगे।

कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने बताया कि दीक्षांत समारोह में बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (बीटेक) की 7319, बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (बीआर्क) की 65, मास्टर ऑफ आर्किटेक्चर (एमआर्क) की एक, मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी (एमटेक) की 643, मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) की 905, मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) की 270 और पीएचडी की 34 सहित कुल 9237 उपाधियों का वितरण किया जाएगा। इस वर्ष कुल 7022 छात्र और 2215 छात्राएँ उपाधि प्राप्त करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित