श्रीगंगानगर , मार्च 30 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के पाकिस्तान सीमा से सटे रावला थाना क्षेत्र में एक खेत में 26-27 मार्च की रात पाकिस्तानी तस्करों द्वारा ड्रोन के जरिए गिराये गये हेरोइन के पैकेट उठाते समय पकड़े गये पांच तस्करों ने खुलासा किया है कि इससे पहले 12 किलो हेरोइन पंजाब पहुंचा चुके हैं।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि चार दिन की गहन पूछताछ के बाद यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। तस्करों ने बताया कि फरवरी में भी इसी क्षेत्र में ड्रोन से 12 किलो हेरोइन गिराई गई थी, जिसे सफलतापूर्वक पंजाब पहुंचा दिया गया।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने आज देर शाम बताया कि 27 मार्च को रावला थाना क्षेत्र के चक 2-केएनडी खेत से हेरोइन के 20 पैकेट उठाने की कोशिश में पकड़े गए पांच तस्करों से पूछताछ में फरवरी वाले मामले का खुलासा हुआ। इस पुराने मामले में पंजाब के एक और तस्कर को आज गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम गुरविंदरसिंह उर्फ टिंकू (35) निवासी अरनीवाला थाना बरोके, जिला फाजिल्का पंजाब है। उसके कब्जे से हेरोइन लाने-ले जाने में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क के बारे में उससे पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित