जयपुर , फरवरी 16 -- राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप प्रदेश के विद्यालयों में विज्ञान संकाय की रिक्तता को दूर करने के प्रयास करेगी।
श्री दिलावर प्रश्नकाल में विधायक हरलाल सहारण के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में चूरू विधानसभा क्षेत्र के छह विद्यालयों में विज्ञान संकाय प्रारंभ किए गए हैं। उन्होंने सदस्य द्वारा प्रस्ताव मिलने पर एक और विद्यालय में विज्ञान संकाय खोलने की घोषणा की।
उन्होंने व्याख्याताओं के रिक्त पद भरने के विषय में बताया कि राज्य सरकार द्वारा वर्तमान में 6 हजार 146 व्याख्याताओं की भर्ती प्रक्रियाधीन है। इन पदों में 773 पद विज्ञान संकाय के हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रकिया पूर्ण होने के पश्चात चूरू विधानसभा क्षेत्र में व्याख्याता पदों को यथासंभव भर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नीति आयोग के निर्देशानुसार उच्च माध्यमिक स्तर के कम से कम 33 प्रतिशत विद्यालयों में विज्ञान संकाय संचालित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गत सरकार के कार्यकाल में पांच हजार से अधिक विद्यालयों को क्रमोन्नत तो किया गया लेकिन उनमें विज्ञान संकाय नगण्य संख्या में स्वीकृत किए गए और साथ ही शिक्षकों के आवश्यक पद भी सृजित नहीं किए। इसके साथ ही प्रदेश के हजारों महात्मा गांधी विद्यालयों पर अंग्रेजी माध्यम का बोर्ड लगा दिये गए लेकिन पर्याप्त पद सृजित नहीं किए गए। इससे विद्यार्थियों की शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
इससे पहले श्री सहारण के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत चूरू जिले में संचालित कुल 91 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में से 18 विद्यालयों में वर्तमान में विज्ञान संकाय संचालित है। विज्ञान संकाय की उपलब्धता का नामवार विवरण उन्होंने सदन के पटल पर रखा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित