जयपुर , दिसम्बर 16 -- राजस्थान में कांग्रेस केंद्र सरकार द्वारा संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को परेशान किये जाने के मुद्दे को लेकर बुधवार को राजधानी जयपुर में विरोध प्रदर्शन करेगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि बुधवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी द्वारा जयपुर में भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय के समक्ष घेराव कर केंद्र सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन किया जाएगा।
श्री चतुर्वेदी ने बताया कि इस दौरान जयपुर समेत नजदीकी जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ता अपराह्न दो बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय जयपुर पर एकत्रित होंगे जहां से श्री डोटासरा के नेतृत्व में पैदल मार्च करते हुए भाजपा के मुख्यालय की ओर कूच करेंगे जहां घेराव कर केंद्र सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मनरेगा के मुद्दे पर 21 दिसंबर को जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित