उदयपुर , मार्च 19 -- राजस्थान में झीलों की नगरी उदयपुर में प्रतिष्ठित औद्योगिक संगठन पीएचडी चैैंंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से राजस्थान औद्योगिक व्यापार प्रदर्शनी -2026 राइटेक्स के द्वितीय संस्करण का शुभारंभ 20 मार्च को होगा।

पीएचडी चैंबर के उदयपुर संभाग के संयोजक एवं बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने गुरूवार को बताया कि तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी राजस्थान के औद्योगिक परिदृश्य में निवेश और तकनीक के नए द्वार खोलने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

राइटेक्स का मुख्य ध्येय राज्य की सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम इकाइयों को आधुनिक तकनीक, नवाचार और बड़े निवेश से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह एक्सपो केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि व्यापार सृजन का एक सशक्त माध्यम है, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से राज्य के उद्यमियों को नई बिजनेस संभावनाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस बार एक्सपो में विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगों का अनूठा समागम होगा। विशेष रूप से 'एक जिला-एक उत्पाद योजना' के तहत राजस्थान के पारंपरिक और विशिष्ट उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रदर्शित किया जाएगा। इससे स्थानीय शिल्प और उद्योगों को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित