जयपुर , दिसम्बर 20 -- राजस्थान उच्च न्यायालय में जिला न्यायाधीश कैडर के अधिकारियों के प्रशासनिक पदों पर तबादले और नियुक्तियां की गयी हैं।

आधिकारिक सूत्रोंं ने शनिवार को बताया कि उच्च न्यायालय प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार सुश्री शिवानी सिंह को राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर में रजिस्ट्रार (प्रशासन) के पद पर नियुक्त किया गया है। वह इस पद पर श्री शैलेंद्र व्यास का स्थान लेंगी। रजिस्ट्रार (प्रशासन) के पद से हटाये गये श्री शैलेंद्र व्यास को जिला एवं सत्र न्यायाधीश, खैरथल-तिजारा के रूप में पदस्थापित किया गया है। इससे पहले इस पद पर कार्यरत सुश्री मीनाक्षी शर्मा की सेवाएं मुख्य न्यायाधीश के पास अन्य पदस्थापना के लिए रखी गयी थीं।

आदेश के अनुसार सुश्री मीनाक्षी शर्मा को राजस्थान उच्च न्यायालय पीठ, जयपुर में रजिस्ट्रार (प्रशासन) नियुक्त किया गया है। वह इस पद पर श्री हेमंत सिंह बघेला का स्थान लेंगी। वहीं श्री बघेला को स्थानांतरित करके विशेष न्यायालय 'यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम, अजमेर में न्यायाधीश के रूप में पदस्थापित किया गया है। उच्च न्यायालय प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यभार ग्रहण एवं हस्तांतरण करने के निर्देश भी जारी किये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित