बारां , दिसम्बर 17 -- राजस्थान में चौकेलाव महल मेहरानगढ जोधपुर में आयोजित राजस्थान इतिहास कांग्रेस के अधिवेशन में राजकीय कन्या महाविद्यालय बारां की सहायक प्रोफ़ेसर डॉ हेमलता वैष्णव ने कोटा रियासत के पिपलोदा गाँव में ईसाई मिशनरियों की शिक्षा संबंधी गतिविधियों पर शोध पत्र प्रस्तुत किया।

यह आयोजन भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद नई दिल्ली एवं महाराजा मानसिंह पुस्तक प्रकाशन शोध केन्द्र मेहरानगढ जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

डॉ. वैष्णव ने शोध पत्र में बताया कि हाड़ौती क्षेत्र में ईसाई मिशनरियों ने छप्पनियां का अकाल पड़ा था, उस समय स्कूल, अनाथालय, निःशुल्क अस्पताल खोलकर शिक्षा को माध्यम बनाकर धर्मांतरण किया।

अधिवेशन में मुख्य अतिथि एचएच महारानी हेमलता राज्ये साहिबा मारवाड़ जोधपुर थी। अध्यक्षता भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रोफेसर रघुवेंद्र तंवर ने की। अधिवेशन में राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, असम सहित कई राज्यों के इतिहासकारों ने शिरकत की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित