जयपुर , मार्च 28 -- राजस्थान आवासन मण्डल की समृद्धि अपार्टमेंट योजना को स्कॉच गोल्ड अवार्ड मिला है।
मण्डल की ओर से आवासन आयुक्त डाॅ रश्मि शर्मा ने यह अवार्ड शनिवार को दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटरमें आयोजित समारोह में ग्रहण किया। इस अवसर पर डाॅ शर्मा ने कहा की मण्डल को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त होने से आमजन में मण्डल की प्रतिष्ठा फिर से कायम हुई है।
उन्होंने स्काॅच गोल्ड अवार्ड मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मण्डल की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने बताया कि समृद्धि आवासीय योजना में दो प्रकार के फ्लैट बनाये गयं थे, जिसमें 960 वर्ग फ़ुट वाले फ्लैट की कीमत 33 लाख रुपये अनुमानित थी, वहीं 1100 वर्गफुट की कीमत 36 लाख अनुमानित थी, लेकिन मण्डल ने उसी उच्च गुणवत्ता के साथ प्रत्येक फ्लैट 960 वर्ग फ़ुट वाला 31 लाख में एवं 1100 वर्गफुट वाला 35 लाख में दिया है। उन्होंने बताया की हाल में राज्य सरकार द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर में नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने समृद्धि अपार्टमेंट के 159 आवंटियों को आवंटन पत्र सौंपे थे।
डॉ शर्मा ने कहा कि राजस्थान हाउसिंग बोर्ड ने अपनी योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि 'समृद्धि अपार्टमेंट' परियोजना आम नागरिकों को किफायती दरों पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास प्रदान करने का सफल उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बोर्ड अब पारंपरिक निर्माण से आगे बढ़कर तकनीकी नवाचार और नागरिक सुविधा केंद्रित परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित