वाराणसी , दिसंबर 20 -- बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) को राजभाषा हिन्दी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिये राजभाषा शील्ड से पुरस्कृत किया जायेगा।

बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने शनिवार को बताया कि बरेका, वाराणसी को राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिये एक बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई है। रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड द्वारा संचालित रेल मंत्री राजभाषा शील्ड (ट्रॉफी) तथा चल वैजयंती पुरस्कार योजना- आधार वर्ष 2024 के अंतर्गत बरेका को आदर्श उत्पादन इकाई के रूप में प्रथम पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।

रेलवे बोर्ड के राजभाषा निदेशालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, बरेका को यह सम्मान वर्ष 2024 के दौरान हिंदी में किए गए उत्कृष्ट एवं प्रभावी कार्य के लिए प्रदान किया जा रहा है। इस पुरस्कार के अंतर्गत बरेका को रेल मंत्री राजभाषा शील्ड के साथ 14,000 (चौदह हजार रुपये) की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

उक्त पुरस्कार दिनांक 26 दिसंबर को अपराह्न 3:30 बजे रेल भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित रेलवे बोर्ड राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा प्रदान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित