उदयपुर , फरवरी 08 -- राजस्थान के उदयपुर में राजपूत महासभा संस्थान द्वारा आयोजित 27वां सामूहिक विवाह समारोह 10 फरवरी को शहर के सूरजपोल स्थित फतह विद्यालय मैदान में आयोजित किया जाएगा।

राजपूत महासभा संस्थान के अध्यक्ष संत सिंह भाटी ने कार्यक्रम को लेकर रविवार को पत्रकारों को बताया कि यह 27वां सामूहिक विवाह के लिए अब तक 40 जोड़ों का पंजीयन हो चुका है और यह विवाह समारोह पूरी तरह निशुल्क रहेगा। वर वधु से शगुन के रूप में एक रुपया लिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर 40 मंडप बनेंगे और 40 पंडित विधि-विधान से विवाह संपन्न कराएंगे।

श्री भाटी ने बताया कि 10 फरवरी सुबह नौ बजे टाउन हॉल से बारात भव्य शोभायात्रा के रूप में निकाली जाएगी, जिसमें वर-वधु के लिए 40 घोड़े और 10 बागियों की व्यवस्था की गई है। बैंड-बाजों के साथ वर-वधु टाउन हॉल से सूरजपोल, फतह मेमोरियल मार्ग से होते हुए फतह विद्यालय मैदान पहुंचेंगे। विवाह से एक दिन पहले नौ फरवरी को वर-वधु के लिए महिला संगीत और हल्दी मेहंदी का कार्यक्रम होटल देव दर्शन में आयोजित किया जाएगा।

महासभा के महासचिव प्रदीप सिंह भाटी ने बताया कि समारोह में उद्योगपति एवं समाजसेवी मेघराज सिंह रॉयल, समाजसेवी ठाकुर रतन सिँह झाला, समाजसेवी राम प्रताप सिंह डिगी, पूर्व मंत्री एवं समाजसेवी प्रताप सिंह खाचरियावास, समाजसेवी कर्नल प्रो. एस. एस. सारंगदेवोत, युवा उद्यमी एवं समाजसेवी हिम्मत सिंह झाला, पूर्व विधायक महाराज रणधीर सिंह भींडर सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। समारोह में विभूति सम्मान, समाज गौरव सम्मान, भामाशाह सम्मान के साथ ही क्षत्रिय और क्षत्राणी सम्मान भी प्रदान किये जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित