, Oct. 30 -- श्री मोदी ने कहा कि मुजफ्फरपुर की लीची जितनी मीठी होती है, उतनी ही मीठी यहां की बोली भी है। यहां बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं जुटी हैं। उन्होंने दावा किया कि एक बार फिर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि राजग और भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी प्राथमिकता बिहार का विकास है। उन्होंने कहा कि बिहार की मीठी बोली, यहां की संस्कृति और गौरव को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। जब भारत ज्ञान, विज्ञान और अर्थव्यवस्था में सबसे आगे था, तब उसमें बिहार की बहुत बड़ी भूमिका थी। इसलिए आज जब हम विकसित भारत बना रहे हैं, तो बिहार का विकसित होना बहुत जरूरी है।

श्री मोदी ने कहा कि जब लोग रोते-बिलखते थे, तब भी राजद को कोई फर्क नहीं पड़ता था। उन्होंने कहा कि राजद को न तब जनता के दुख-सुख से मतलब था और न आज है।उन्होंने कहा कि जंगलराज के समय पूरे बिहार में हर दिन अपहरण और अपराध की घटनाएं होती थीं। आज के नौजवान सोच भी नहीं सकते कि उस वक्त बिहार में हालात कितने डरावने थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब हम जंगलराज के दिनों को याद करते हैं, तो समझ आता है कि हालात कितने डरावने थे। बिहार को आगे बढ़ाने के लिए उद्यम और उद्योग जरूरी हैं। उद्योग के लिए जमीन, बिजली, बेहतर कनेक्टिविटी और कानून का राज होना चाहिए। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा,जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का रहा है, वो किसी उद्योग को जमीन देंगे क्या। जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, वो बिजली दे पाएंगे क्या। जिन्होंने रेल को लूटा, वो कनेक्टिविटी बढ़ाएंगे क्या। और जिन्होंने भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़े, वो कानून का राज ला सकते हैं क्या।

श्री मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बनाएंगे। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने बिहार पर कई सालों तक राज किया, इसके बाद भी कुछ नहीं किया है। इन्होंने केवल और केवल आपके साथ सिर्फ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस वालों की पहचान सिर्फ पांच चीजों से है। कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन, करप्शन ये जंगल राज की पहचान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित