वाराणसी , जनवरी 26 -- धार्मिक नगरी काशी में इन दिनों माघ मेले के पलट प्रवाह के कारण भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में किसी भी राजनीतिक पार्टी द्वारा बिना अनुमति के किसी प्रकार के प्रदर्शन पर सख्त रोक लगाई गई है।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को स्पष्ट किया कि कमिश्नरेट वाराणसी क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। उल्लंघन की स्थिति में विधिसम्मत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि रविवार को मणिकर्णिका घाट जाने के लिए एक राजनीतिक पार्टी ने बिना अनुमति प्रदर्शन करने का प्रयास किया, जिसे मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर तत्काल रोक दिया गया।

पुलिस आयुक्त ने आगे कहा कि अतिक्रमण एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती बरती जा रही है। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित