लखनऊ , अक्टूबर 27 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजनीतिक गैंग है जिसका एजेण्डा समाज में नफरत फैलाना और सामाजिक सद्भाव को खत्म करना है। श्री यादव ने सोमवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आये कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में तमाम तरह के अवैध कारोबार हो रहे हैं। जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। भाजपाई सरकारी जमीनों, तालाबों पर कब्जे कर रहे है। भाजपा भूमाफिया पार्टी है। इस सरकार में असीमित लूट और भ्रष्टाचार है। हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार है। सरकारी बजट की लूट चल रही है।

उन्होने कहा कि सपा कार्यकर्ता बहुत मेहनती और संघर्षशील है। पार्टी का भरोसा अपने कार्यकर्ताओं पर है। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को हटाने और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए तत्पर है। जनता समाजवादी पार्टी पर भरोसा कर रही है। समाजवादी पार्टी ने सरकार में रहने के दौरान अपने सभी वादे पूरे किए थे। किसानों को सुविधाएं दी थी। सिंचाई, दवाई, मुक्त की गयी थी। छात्रों को लैपटॉप दिया गया। युवाओं को नौकरी, रोजगार दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित