राजनांदगांव , दिसंबर 17 -- ) छत्तीसगढ़ के डोंगरगांव में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत दक्षिण कौशल फुटबॉल संघ की ओर आयोजित अखिल भारतीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 17 दिसंबर से 24 दिसंबर 2025 तक किया जा रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद संतोष पाण्डेय ने बुधवार को उद्घाटन मैच का टॉस कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस अखिल भारतीय फुटबॉल प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें महाराष्ट्र 11 अकोला, नागेश 11 कोंडागांव, ब्रह्मविद रायपुर, एमईजी बैंगलुरु (कर्नाटक), एसटीएफसी जम्मू-कश्मीर, चक्रधरपुर झारखंड, नर्मदा स्पोर्टिंग जबलपुर तथा मैसूरम क्लब हैदराबाद (तेलंगाना) शामिल हैं।

इस अवसर पर श्री पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। खेल न केवल व्यक्ति को स्वस्थ रखता है, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के खिलाड़ियों को हर स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हैं।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बन सकें।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी, नगर पंचायत एलबी नगर अध्यक्ष देवेंद्र साहू, जिला पंचायत सदस्य प्रशांत कोडापे, जिला पंचायत सदस्य जागृति यदु, भरत वर्मा, दिनेश गांधी, लक्ष्मीनारायण गुप्ता, डिकेश साहू, रामकुमार गुप्ता, सीएमओ विनम्र जेमा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित