राजनांदगांव , अप्रैल 29 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है।

इस बार कक्षा 10वीं का परिणाम 89.41 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 21 प्रतिशत अधिक है। वहीं कक्षा 12वीं का परिणाम 87.56 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 5.31 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

आंकड़ों के अनुसार, उत्तीर्ण प्रतिशत के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। कक्षा 10वीं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या 3908 से बढ़कर 5614 हो गयी है, जबकि कक्षा 12वीं में यह संख्या 3842 से बढ़कर 4888 हो गयी है। तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाले छात्रों की संख्या में कमी आयी है, जो बेहतर शिक्षण स्तर का संकेत है।

शिक्षा के क्षेत्र में मिली इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित एक समारोह में कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं के नतीजों में अभूतपूर्व सुधार हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित