राजनांदगांव , दिसंबर 21 -- ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से चैंबर ऑफ़ कॉमर्स राजनांदगांव ने रविवार को मानवता की मिसाल पेश की है। चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष कमलेश बैद के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को 100 उच्च गुणवत्ता वाले कंबलों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, मेडिकल कॉलेज के प्रतिनिधि डॉ. प्रकाश खुटे, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सदस्य एवं जिला भाजपा कार्यकारिणी सदस्य योगेश खत्री सहित चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष कमलेश बैद ने कहा कि चैंबर ऑफ़ कॉमर्स केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा से निभाता है। जरूरतमंदों की सेवा करना हमारा नैतिक दायित्व है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

महापौर मधुसूदन यादव ने चैंबर ऑफ़ कॉमर्स की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज के कमजोर वर्गों के लिए संबल बनते हैं और अन्य संस्थाओं को भी प्रेरित करते हैं। उन्होंने चैंबर के सभी सदस्यों को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित